टीम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : समाज सेविका संगीता चावला को सूरत में आयोजित भव्य समारोह में “ऑल इंडिया लेडीज सिंध नारी रत्न” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। संगीता चावला लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे रॉबिनहुड आर्मी के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने, अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन वितरण करने तथा जरूरतमंद महिलाओं को राशन सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। इसके अलावा वे साइ ग्रुप के साथ मिलकर भी विभिन्न सेवा गतिविधियों में लगातार योगदान दे रही हैं। बताया गया कि देशभर से लगभग 600 महिलाओं में से चयनित 100 महिलाओं को इस सम्मान के लिए चुना गया, जिसमें संगीता चावला ने अपनी विशेष पहचान बनाई। उनकी सामाजिक सेवाओं के चलते उनका नाम “इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड” में भी दर्ज किया जा चुका है। इस उपलब्धि के बाद जलगाँव सहित सिंधी समाज और सामाजिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं। यह सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है। सिंधी वूमेन एंटरप्रेन्योर्स कम्युनिटी (SWEC) द्वारा 9 एवं 10 मई को सूरत में दो दिवसीय भव्य “सिंधी नारी रत्न अवॉर्ड समारोह” का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से आई लगभग 100 महिला उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में व्यवसाय, चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों से आई महिलाओं के ठहरने एवं भोजन की विशेष व्यवस्था संस्था द्वारा की गई। आयोजन को सफल बनाने में SWEC की फाउंडर विजेता लालवानी, को-फाउंडर अंजली कृष्णानी तथा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ज्योति परचानी और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन रिया चेलारामानी एवं ज्योति परचानी द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इस आयोजन को “IEA Book of World Records” में स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में शामिल सभी सम्मानित महिलाओं को वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सूरत एवं गोधरा से आई महिला इन्फ्लुएंसर्स, समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा विभिन्न पंचायतों के सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। इस भव्य समारोह को देशभर के कई समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, वहीं यूट्यूब पर लाइव प्रसारण के माध्यम से देश-विदेश के लोगों ने भी इसे देखा और सराहा। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ। Post navigation पेट्रोल डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध; नागरिक अफवाहों पर विश्वास न करें जिलाधिकारी की अपील TWJ एसोसिएट्स निवेश घोटाला: कंपनी के मुख्य निदेशक गिरफ्तार; कथित तौर पर 279 निवेशकों से ₹23.81 करोड़ की धोखाधड़ी की।