टीम झूलेलाल न्यूज जलगांव – सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव तथा चेटी चंड (सिंधी दिवस) के पावन अवसर पर इस वर्ष जलगांव में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अमर शहीद संत कंवरराम ट्रस्ट के तत्वावधान में झूलेलाल उत्सव समिति, जलगांव पंचायतें, सभी सिंधी संस्थाएं तथा व्यापारी बंधुओं के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर पहली बार जलगांव शहर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शीर्षक “एक शाम साईं झूलेलाल के नाम” रखा गया है। यह कार्यक्रम बुधवार, 18 मार्च 2026 को रात ठीक 9:00 बजे पूज्य सेवा मंडल के सामने, कंवर नगर में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में झूलेलाल भक्ति गीतों की धमाल प्रस्तुति, भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकियां तथा शिव तांडव का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में गोंदिया के प्रसिद्ध गायक सुनील मनुजा और उनकी “जलसा ग्रुप” द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो भक्तिमय माहौल से सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देगी।

इसके साथ ही हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान झूलेलाल (वरुण देवता) की पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को दोपहर 4:00 बजे फुले मार्केट स्थित मरीमाता मंदिर से पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ होगी।

यह शोभायात्रा मरीमाता मंदिर से निकलकर शास्त्री टॉवर चौक, एम.जी. रोड (गोलाणी मार्केट), सतरा मंजिल, नेहरू चौक, छत्रपति शिवाजी महाराज पुतला (कोर्ट चौक), स्टेट बैंक मुख्य शाखा, भगवान झूलेलाल मंदिर, संत कंवरराम चौक, पंचमुखी हनुमान मंदिर, गणेश नगर और बाबा हरदासराम हाउसिंग सोसायटी होते हुए बाबा हरदासराम समाज मंदिर से कंवर नगर पहुंचेगी।

शोभायात्रा का विसर्जन पूज्य सेवा मंडल पर रात 9:00 बजे किया जाएगा। इस शोभायात्रा में समाज के भाई-बहनों द्वारा विभिन्न सेवा कार्यों का भी आयोजन किया गया है। कड़ी धूप को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह ठंडे पानी, शरबत और अल्पाहार की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सेवा का आदर्श स्वरूप देखने को मिलेगा।

आयोजकों ने महत्वपूर्ण सूचना देते हुए बताया है कि शुक्रवार, 20 मार्च को सिंधी समाज के अधिकांश व्यापार दोपहर 4 बजे से बंद रहेंगे। सभी व्यापारी बंधुओं से निवेदन किया गया है कि वे अपनी दुकानें बंद रखकर पूजा-अर्चना और शोभायात्रा में शामिल होकर सहयोग दें।

अमर शहीद संत कंवरराम ट्रस्ट, झूलेलाल उत्सव समिति, जलगांव पंचायतें तथा सभी सिंधी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने समाज के सभी भाई-बहनों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन उत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Don`t copy text!