पानी की बर्बादी रोकें, व्यर्थ पानी बहाने वालों पर करें जुर्माने की कार्रवाई : महापौर दीपमाला काले

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सभी वार्डों में नलों की टोंटियों की जांच के लिए होगा सर्वे

जलगांव, प्रतिनिधि : जलगांव शहर में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए महापौर दीपमाला काले ने सोमवार को जलापूर्ति विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शहर में पानी के रिसाव और पानी की बर्बादी पर गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में जलापूर्ति विभाग प्रमुख घृष्णेश्वर सालुंखे सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। महापौर ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नलों और पाइपलाइनों से होने वाले पानी के रिसाव को तत्काल रोकने के आदेश दिए। साथ ही, अनधिकृत तरीके से या लापरवाही के कारण पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ कड़ी जुर्माने की कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

वॉटर मीटर और पानी की बर्बादी पर विशेष ध्यान

महापौर ने शहर में वॉटर मीटर लगाने की मौजूदा कार्यप्रणाली और इससे संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द से जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश जलापूर्ति विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने होंगे।

सभी वार्डों में नलों की टोंटियों की होगी जांच

महापौर दीपमाला काले ने शहर के नागरिकों से अपने घरों के नलों में टोंटियां लगाने की अपील की, ताकि पीने का पानी व्यर्थ न बहे। इसके लिए शहर के सभी वार्डों में सर्वेक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस सर्वेक्षण के दौरान प्रत्यक्ष रूप से जांच की जाएगी कि किन नागरिकों ने अपने नलों में टोंटियां लगाई हैं और किनके नलों में टोंटियां नहीं हैं। इसका उद्देश्य पानी की बर्बादी पर नियंत्रण स्थापित करना और नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

जल संरक्षण के लिए मनपा एक्शन मोड में

महापौर ने कहा कि पानी अत्यंत मूल्यवान है और इसकी एक-एक बूंद को बचाना जरूरी है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए महानगरपालिका अब एक्शन मोड में आ गई है। उन्होंने नागरिकों से महानगरपालिका को सहयोग देने, नलों में टोंटियां लगाने और पानी का उचित उपयोग करने की अपील की।

गौरतलब है कि शहर में पानी की बर्बादी रोकने, पाइपलाइनों के रिसाव को नियंत्रित करने और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है।

Don`t copy text!