जलगांव में साकार हो रही रोमांचक ‘भूतिया गुफा’; वणी गढ़ के भी होंगे दर्शन!

सर्वोत्तम एकता मित्र मंडल की 45वीं वर्षगांठ पर अनोखी सजावट; 12 अक्टूबर से श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा आकर्षण

जलगांव, प्रतिनिधि : मुंबई के लालबाग-परळ और पुणे के प्रसिद्ध गणेशोत्सव मंडलों में दिखाई देने वाले भूतिया बंगले, रहस्यमयी गुफाओं और रोमांचक वातावरण का अनुभव अब जलगांव के लोग भी कर सकेंगे। शहर के सिंधी कॉलोनी रोड स्थित सर्वोत्तमनगर में सर्वोत्तम एकता मित्र मंडल ने अपनी 45वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य भूतिया गुफा का अनोखा दृश्य तैयार करने का निर्णय लिया है। यह आकर्षक सजावट 12 अक्टूबर से श्रद्धालुओं के लिए खुली रहेगी।

रहस्यमयी अंधेरा, अचानक सामने आने वाले कंकाल, डरावनी आवाजें और रोमांच पैदा करने वाला वातावरण इस गुफा की खासियत होंगे। इस अनूठे आयोजन की तैयारी मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा कई दिनों से की जा रही है। श्रद्धालुओं को एक अलग और रोमांचक अनुभव देने के उद्देश्य से इस दृश्य को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।

वणी गढ़ की हूबहू प्रतिकृति भी होगी आकर्षण

इस आयोजन का एक अन्य प्रमुख आकर्षण सप्तशृंगी माता के वणी गढ़ की प्रतिकृति होगी। वणी की पहाड़ी श्रृंखलाओं, सीढ़ियों वाले मार्ग और गढ़ के पवित्र वातावरण को सजावट के माध्यम से साकार किया जाएगा। एक ओर रहस्यमयी भूतिया गुफा का रोमांच, तो दूसरी ओर सप्तशृंगी माता वणी गढ़ के मनमोहक दर्शन—ऐसा अनूठा संगम श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में देखने को मिलेगा।

मंडल की नई कार्यकारिणी घोषीत 

सर्वोत्तम एकता मित्र मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा संस्थापक तथा पूर्व नगरसेवक चेतन शिरसाले ने की। गौरव पंकज शिरसाले को अध्यक्ष, नीलेश सुधीर कंडारे को उपाध्यक्ष और नीलेश प्रकाश सोनार को सचिव चुना गया है।

आगामी उत्सव की तैयारियां मंडल के कार्यकर्ताओं ने शुरू कर दी हैं। हर वर्ष नए और आकर्षक सजावटी दृश्य तथा विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने का संकल्प मंडल ने लिया है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ऐसी जानकारी मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने दी।

 

Don`t copy text!