वाघूर नदी में 60 वर्षीय व्यक्ति लापता; दिनभर चला तलाशी अभियान

बैल को पानी पिलाने गए थे अरुण कोली; पैर फिसलने से नदी में गिरने की आशंका, मंगलवार को रबर बोट से फिर तलाश

जलगांव, प्रतिनिधि : कळगांव गांव के समीप वाघूर नदी में बैलों को पानी पिलाने गए 60 वर्षीय अरुण माधव कोली के नदी में गिरकर लापता होने की घटना सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे सामने आई। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण पैर फिसलने से वे नदी में गिर गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच जिलाधिकारी कार्यालय के जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जलगांव शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंचा। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के नरवीर रावल तथा अग्निशमन केंद्र अधिकारी भारत बारी के मार्गदर्शन में नदी में तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

अग्निशमन दल ने शाम 5 बजे तक नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि नदी में पानी की गहराई अधिक होने के साथ ही तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कई दिक्कतें आईं। लगातार प्रयासों के बावजूद अरुण कोली का पता नहीं चल सका।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे रबर बोट की मदद से दोबारा तलाशी अभियान चलाया जाएगा। अरुण कोली की तलाश में अग्निशमन दल द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।

तलाशी एवं बचाव अभियान में टीम प्रमुख प्रकाश चव्हाण, देविदास सुरवाडे, प्रदीप धनगर, सौरभ चिकटे और योगेश पाटील ने सहभाग लिया।

Don`t copy text!