सूखाग्रस्त जैसी स्थिति में फसलों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

फेकरी में कपास फसल की तुड़ाई का प्रयोग; विभिन्न गांवों में फसलों की स्थिति का लिया जायजा

जलगांव, : जिले के कुछ हिस्सों में उत्पन्न सूखाग्रस्त जैसी स्थिति की पृष्ठभूमि में फसलों की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता पर हुए प्रभाव तथा संभावित उत्पादन का वस्तुनिष्ठ आकलन करने के लिए जिलाधिकारी रोहन घुगे ने आज भुसावल एवं जामनेर तहसील के विभिन्न गांवों में फसल निरीक्षण किया। फेकरी गांव में कपास फसल की पहली तुड़ाई का प्रयोग भी जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी कुरबान तड़वी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने स्वयं कपास की तुड़ाई कर फसल कटाई प्रयोग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। प्रयोग से प्राप्त कपास उत्पादन का रिकॉर्ड सीसीई प्रणाली में दर्ज किया गया। साथ ही बीमा कंपनी के प्रतिनिधि की उपस्थिति में भी उत्पादन का रिकॉर्ड लिया गया।

इसके बाद कुऱ्हापानाचे गांव में कपास, सोयाबीन एवं मक्का फसलों के खेतों का निरीक्षण कर फसलों की वृद्धि, वर्तमान स्थिति तथा उत्पादन के संबंध में किसानों से जानकारी ली गई। चोरवड में सोयाबीन एवं मक्का फसलों का निरीक्षण किया गया। वहीं जामनेर तहसील के महुखेडा में मक्का, सोयाबीन एवं तुअर फसलों की स्थिति का जायजा लिया गया।

सूखाग्रस्त जैसी परिस्थिति के कारण फसलों पर हुए प्रभाव, खेतों में उपलब्ध नमी, फसलों की वृद्धि तथा संभावित उत्पादन की स्थिति के संबंध में क्षेत्रीय निरीक्षण के माध्यम से जानकारी एकत्र की जा रही है। फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उत्पादन संबंधी जानकारी फसल बीमा प्रक्रिया के साथ ही आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Don`t copy text!