भुसावल में देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार टेक्निकल हाईस्कूल परिसर में पुलिस की कार्रवाई; 32 हजार रुपये का हथियार व कारतूस जब्त भुसावल : भुसावल शहर पुलिस ने टेक्निकल हाईस्कूल परिसर में कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को देसी निर्मित पिस्तौल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 3 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे की गई। पुलिस निरीक्षक महेश गायकवाड और अपराध प्रकटीकरण टीम के कर्मचारी शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले को गुप्त सूचना मिली कि गण्या लोहार नामक युवक टेक्निकल हाईस्कूल परिसर में देसी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दो पंचों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गणेश संतोप लोहार (21), निवासी महात्मा फुले नगर, भुसावल बताया। उसके संदिग्ध जवाबों के बाद पंचों के समक्ष तलाशी लेने पर उसकी पैंट के पीछे कमर में छिपाकर रखा गया देसी निर्मित पिस्तौल मैगजीन सहित और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने पिस्तौल की कीमत 30 हजार रुपये और दो जिंदा कारतूस की कीमत 2 हजार रुपये बताई है। कुल 32 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है। आरोपी यह पिस्तौल कहां से लाया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ भुसावल शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावीत और उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक महेश गायकवाड, ग्रेपोसई इकबाल सैयद, पुलिस कांस्टेबल दीपक शेवरे, गजानन पाटील, राहुल बेहेनवाल, कुणाल सोनवणे तथा पुलिस हेड कांस्टेबल अविनाश पाटील ने की। Post navigation आखिर पांच घंटे की मशक्कत के बाद घायल बंदर का सुरक्षित रेस्क्यू योगेशकुमार मीना होंगे जलगांव के नए प्रांताधिकारी