आखिर पांच घंटे की मशक्कत के बाद घायल बंदर का सुरक्षित रेस्क्यू कासमवाड़ी इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ बंदर; मनपा और वन विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर बचाया जलगांव प्रतिनिधि : जलगांव शहर के कासमवाड़ी इलाके में आज सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बंदर घायल हो गया। उसके पैर में चोट लगने से खून बह रहा था। घायल और डरा हुआ बंदर पास ही एक घर में घुसकर छिप गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व नगरसेवक चेतन शिरसाले मौके पर पहुंचे और तत्काल महानगरपालिका तथा वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद दोनों विभागों की टीम ने बंदर को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। बंदर काफी डरा हुआ होने के कारण उसे पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम को करीब चार से पांच घंटे तक अथक प्रयास करने पड़े। आखिरकार टीम ने बंदर को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। इसके बाद घायल बंदर का शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय में तत्काल उपचार कराया गया। इस संयुक्त रेस्क्यू अभियान में महानगरपालिका अग्निशमन दल के प्रमुख अधिकारी अश्वजीत घरडे, वाहन चालक देविदास सुरवाडे सहित मनपा और वन विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपचार के बाद बंदर को लांडोरखोरी के वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा जाएगा, ऐसी जानकारी चेतन शिरसाले ने दी। घटना के दौरान कासमवाड़ी इलाके में नागरिकों की बड़ी भीड़ जमा हो गई थी। आखिरकार पांच घंटे की मशक्कत के बाद घायल बंदर को सुरक्षित बचा लिए जाने से नागरिकों ने राहत की सांस ली। Post navigation जामठी में नाबालिग छात्रा से शिक्षक का दुर्व्यवहार; गुस्साई भीड़ ने कार फूंकी, पुलिस पर पथराव