गणेशोत्सव के लिए आधिकारिक बिजली कनेक्शन लें

महावितरण का गणेश मंडलों से आह्वान

जलगांव/धुले/नंदुरबार : इस वर्ष गणेशोत्सव निर्विघ्न एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए सभी गणेशोत्सव मंडलों को बिजली सुरक्षा के संबंध में आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए। उत्सव अवधि में केवल अधिकृत बिजली कनेक्शन ही लिया जाए, ऐसा आह्वान महावितरण की ओर से किया गया है।

उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। गणेश प्रतिमा के आगमन और विसर्जन जुलूस के दौरान सड़कों तथा गलियों में बिजली के तारों की ऊंचाई को ध्यान में रखते हुए ही गणेश प्रतिमा की ऊंचाई और रथ की संरचना तय की जाए।

इसी प्रकार मंडप एवं रोशनी के लिए बिजली व्यवस्था करते समय सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए। दुर्घटनाओं से बचने के लिए बिजली से संबंधित कार्य केवल प्रमाणित एवं कुशल विद्युत ठेकेदारों से ही करवाने की सलाह दी गई है।

गणेश मंडलों के लिए बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया महावितरण ने बेहद आसान कर दी है। मंडल महावितरण के आधिकारिक मोबाइल ऐप अथवा ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर तत्काल अस्थायी बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।

सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी मंडल द्वारा अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग नहीं किया जाए। बिजली के तारों अथवा खंभों के पास मंडप बनाते समय भी पर्याप्त सावधानी बरतने के निर्देश महावितरण ने दिए हैं।

ऊर्जा बचत के लिए एलईडी लाइटों का उपयोग करें, गणेश मंडप में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दें तथा ऊर्जा बचत एवं पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के प्रति जनजागरण करें, ऐसा आह्वान भी महावितरण ने गणेश मंडलों से किया है।

Don`t copy text!