रावेर में देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

बस स्टैंड परिसर में संदिग्ध गतिविधियां; अपराध जांच दल की कार्रवाई

रावेर | प्रतिनिधि

रावेर शहर के बस स्टैंड के पीछे स्थित छोरिया मार्केट परिसर में देसी कट्टा लेकर संदिग्ध रूप से घूम रहे एक युवक को रावेर पुलिस के अपराध जांच दल ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान कृष्णा दतु पाटील (20), निवासी रोकडा हनुमान मंदिर नगर, रावेर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत का देशी बनावटी कट्टा तथा एक हजार रुपये कीमत के दो जिंदा कारतूस, कुल 26 हजार रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया।

रावेर पुलिस के अपराध जांच दल को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि रावेर बस स्टैंड के पीछे छोरिया मार्केट के पास एक युवक हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने दोपहर के समय संबंधित परिसर में पहुंचकर निगरानी शुरू की।

इसी दौरान छोरिया मार्केट की ओर जाने वाले रास्ते पर राखी रंग की फुल शर्ट और नीली जींस पहने एक युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे हिरासत में लेकर पंचों के समक्ष तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के पास लोहे की धातु से बना भूरे रंग का देशी कट्टा मिला। इसके अलावा उसके कब्जे से दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी कृष्णा पाटील को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस कांस्टेबल सुकेश तड़वी की शिकायत पर रावेर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 398/2026, भारतीय हथियार अधिनियम की धारा 3 सह 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी के पास देसी कट्टा और जिंदा कारतूस कहां से आए, उसने यह हथियार किससे और किस उद्देश्य से खरीदा था तथा इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं, इन सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावीत तथा फैजपुर विभाग के पुलिस उपअधीक्षक अनिल बडगुजर के मार्गदर्शन में रावेर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक संदीप पाटील, सहायक पुलिस निरीक्षक हरिदास बोवरे तथा अपराध जांच दल के पुलिस हेड कांस्टेबल समाधान ठाकूर, पुलिस कांस्टेबल सुकेश तड़वी, श्रीकांत कव्हाण, विकार शेख, प्रमोद पाटील, विशाल पाटील और संभाजी विजागरे ने की।

Don`t copy text!