हाथ की सफाई से सोना उड़ाने वाला शातिर आरोपी अकोला से गिरफ्तार; एलसीबी की कार्रवाई दो मामलों में पौने पांच लाख रुपये का सोना बरामद; आरोपी पुलिस के हवाले भुसावल : सर्राफा दुकान से हाथ की सफाई कर सोने का सामान चोरी करने वाले आरोपी को जलगांव स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने अकोला शहर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अली लियाकत अली सैयद (38), निवासी पापा नगर, खड़का रोड, इराणी बस्ती, भुसावल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से भुसावल तालुका और बोदवड थाने में दर्ज दो मामलों में कुल 47.48 ग्राम सोना और 4 लाख 95 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। भुसावल तालुका और बोदवड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) के तहत मामले दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। स्थानीय अपराध शाखा की टीम उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के अकोला में होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। गोपनीय जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी का ठिकाना तलाशकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से भुसावल के मामले में 32.40 ग्राम सोने की लगड़, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये है, तथा बोदवड के मामले में 15.08 ग्राम सोने की अंगूठी, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये है, बरामद की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले और परिवीक्षाधीन उपअधीक्षक प्रशांत दरेकर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़ तथा उनकी टीम ने की। मामले की आगे की जांच पुलिस हवलदार विकास बाविस्कर कर रहे हैं। Post navigation गिरीश महाजन को नासिक का पालकमंत्री पद जलगांव के सर्राफा बाजार में ‘महाठगी’! कारीगर को ढाई करोड़ का चूना, जालसाज फरार