बंद मकान का ताला तोड़कर साढ़े आठ लाख की चोरी जामनेर पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा जामनेर | प्रतिनिधि जामनेर शहर के मदनी नगर क्षेत्र में एक बंद मकान का ताला तोड़कर 8 लाख 53 हजार रुपये के नकद और आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को जामनेर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मदनी नगर निवासी मसूद अख्तर मुजफ्फर हुसैन (50 वर्ष) ने इस मामले में जामनेर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 29 जून की सुबह चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व आभूषण चुरा लिए। घटना का पता चलने के बाद उसी दिन दोपहर में मामला दर्ज कराया गया। चोर घर से 4 लाख रुपये नकद, लगभग 29.5 ग्राम सोने के आभूषण तथा चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में 20 ग्राम का सोने का हार, मोती पोत, सोने की अंगूठी, मुरनी, बाली, आधा ग्राम सोने का टुकड़ा तथा चांदी की पट्टी और अंगूठियां शामिल हैं। कुल चोरी गए माल की कीमत 8 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है। मामला दर्ज होते ही जामनेर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान कर 29 जून की रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शेख समीर उर्फ बाल्या शेख जाकिर (24 वर्ष) और मोहम्मद फातीर उर्फ गोलू मियां तुफैल मोहम्मद (20 वर्ष) हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पाचोरा विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी बापू रोहम तथा जामनेर पुलिस थाने के निरीक्षक मुरलीधर कासार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस निरीक्षक मुरलीधर कासार के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक अशोक कोकाटे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। पुलिस चोरी गए पूरे माल की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। Post navigation एसटी निगम के आर. के. पाटील का सेवानिवृत्ति एवं सम्मान समारोह संपन्न कन्हेर में बोरी नदी पर ब्रिज-कम-बांध निर्माण को मुख्यमंत्री के निर्देश