जैन हिल्स में संत मुक्ताबाई राम पालखी का भव्य स्वागत जलगांव, 29 जून | प्रतिनिधि जलगांव की ग्रामदेवता माने जाने वाले श्रीराम मंदिर संस्थान की संत मुक्ताबाई राम पालखी और डेढ़ शताब्दी पुरानी पंढरपुर पैदल वारी का जैन हिल्स में भव्य स्वागत किया गया। जैन हिल्स के मुख्य प्रवेश द्वार पर श्रद्धा और उत्साह के साथ वारकरियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अनुभूति स्कूल की संचालिका निशा जैन ने उत्सव मूर्ति के दर्शन किए, जबकि जैन इरिगेशन के वरिष्ठ सहयोगी विजय मुथा ने पालखी का पूजन कर वारकरियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में एस. बी. ठाकरे, चंद्रकांत चौधरी, भिमराव दांडगे और किशोर पाटील ने श्रीराम मंदिर संस्थान (आप्पा महाराज समाधि मंदिर) के वर्तमान गादीपति ह.भ.प. मंगेश महाराज की सेवा की। जैन इरिगेशन सिस्टीम्स कंपनी की ओर से हर वर्ष संत मुक्ताबाई की श्रीराम पालखी के साथ सहयोग स्वरूप एक मालवाहक वाहन और एक सुसज्जित यात्री वाहन उपलब्ध कराया जाता है। ये वाहन वारकरियों के साथ पंढरपुर तक जाते हैं। संत मुक्ताबाई राम पालखी की स्थापना वर्ष 1794 में हुई थी और तब से यह पालखी यात्रा निरंतर जारी है। हर वर्ष पंढरपुर की ओर प्रस्थान करते समय जैन हिल्स में वारकरियों का आतिथ्य सत्कार किया जाता है। इस अवसर पर ह.भ.प. श्रीराम महाराज के साथ सैकड़ों वारकरियों की उपस्थिति में पालखी ने पंढरपुर की ओर अपने अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया। जैन हिल्स के मुख्य प्रवेश द्वार पर जी. आर. पाटील, मनोहर बागुल, सुनील खैरनार, अभिजीत शुक्ला, नितीन चोपड़ा, श्रेयस कुमट सहित श्रीराम मंदिर संस्थान के ट्रस्टी उपस्थित थे। जैन इरिगेशन की ओर से वारी में शामिल वारकरियों को अल्पाहार भी वितरित किया गया। दिंडी के स्वागत के लिए जैन इरिगेशन के मानव संसाधन विभाग, सुरक्षा विभाग और राजभोज खानपान विभाग के सहयोगियों ने विशेष सहयोग प्रदान किया। Post navigation तीसरी मंजिल से गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत पूर्व आयुक्त ज्ञानेश्वर ढेरे के कार्यकाल की जांच कर दोषियों पर मामला दर्ज किया जाए