55 वर्षीय पुजारी की निर्मम हत्या; भुसावल में सनसनी, सिर पर भारी वस्तु से किए गए वार

भुसावल प्रतिनिधी भुसावल के मिलिट्री स्टेशन परिसर के पीछे, भुसावल-खंडवा डाउन रेलवे लाइन के समीप स्थित कालिका माता मंदिर में 55 वर्षीय पुजारी की निर्मम हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने पुजारी के सिर पर किसी भारी वस्तु से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतोष रघुवीर मंचल (55) के रूप में हुई है।

मंदिर परिसर की टीन शेड वाली कुटिया में मिला शव

जानकारी के अनुसार, संतोष मंचल पिछले छह से सात वर्षों से कालिका माता मंदिर परिसर में बनी टीन शेड की एक छोटी कुटिया में रहकर मंदिर की पूजा-अर्चना, साफ-सफाई और देखरेख का कार्य करते थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे एक श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचा। इस दौरान उसने कुटिया के अंदर संतोष मंचल को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी गई।

शराब की लत से जुड़े विवाद की आशंका

सूचना मिलते ही भुसावल शहर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भारी और धारदार वस्तु से सिर पर वार कर उनकी हत्या की। मृतक के दोनों पुत्रों ने पुलिस को बताया कि संतोष मंचल को शराब की लत थी और इस कारण उनका कई लोगों से विवाद होता रहता था। पुलिस को आशंका है कि इसी प्रकार के किसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।

पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए जळगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, भुसावल के उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले तथा स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। भुसावल शहर पुलिस निरीक्षक महेश गायकवाड़, एलसीबी की टीम तथा पुलिस की अन्य टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

 

हत्या का कारण अब भी रहस्य

फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। भुसावल शहर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Don`t copy text!