जलगांव पुलिस का “ऑपरेशन ऑल आउट”; एक ही दिन में 2,300 से अधिक कार्रवाई

शराबबंदी, जुआ, यातायात नियम उल्लंघन और फरार आरोपियों के खिलाफ व्यापक अभियान

जलगांव | प्रतिनिधि

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जलगांव पुलिस ने 5 जून को “ऑपरेशन ऑल आउट” नामक विशेष अभियान चलाकर विभिन्न प्रकार की आपराधिक और अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान शराबबंदी, जुआ, मादक पदार्थ, यातायात नियम उल्लंघन, अवैध रेत परिवहन तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शराबबंदी कानून के तहत 196 मामले दर्ज किए गए तथा लगभग 21 लाख 65 हजार 67 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के 56 मामले दर्ज किए गए। जुआ के 76 मामलों में कार्रवाई कर 46 हजार 395 रुपये का माल जब्त किया गया।

शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 एवं 4/25 के तहत 4 मामले दर्ज किए गए, जबकि मादक पदार्थ सेवन (एनडीपीएस) के 10 मामलों में कार्रवाई की गई। तंबाकू नियंत्रण कानून (COTPA) के तहत 203 मामले दर्ज किए गए।

अभियान के दौरान पुलिस ने 34 लापता महिलाओं का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों को सौंपा, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत 22, धारा 126 के तहत 201, धारा 122/124 के तहत 5 तथा धारा 129 के तहत 17 मामले दर्ज किए गए।
यातायात शाखा द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 1,443 कार्रवाई की गईं और 9 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 37 चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत 5 मामलों में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान जिलेभर के 208 होटलों की जांच की गई। इसके अलावा 42 गैर-जमानती वारंट (NBW) तथा 52 जमानती वारंट (BW) का निष्पादन किया गया। अवैध रेत परिवहन के 6 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि 2 फरार एवं वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, जिससे जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Don`t copy text!