फाली से कृषि क्षेत्र में आएंगे दीर्घकालीन सकारात्मक बदलाव : अथांग जैन 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिला आधुनिक कृषि और उद्यमिता का प्रशिक्षण जलगांव (प्रतिनिधि): ‘फ्यूचर एग्रीकल्चर लीडर्स ऑफ इंडिया’ (फाली) कार्यक्रम के माध्यम से पिछले 12 वर्षों से कृषि और कृषि-आधारित उद्यमियों को तैयार करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इस अवधि में देशभर के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर आधुनिक खेती, कृषि प्रबंधन, तकनीक के उपयोग और कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। जैन इरिगेशन सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के सहभाग से संचालित इस परियोजना के कारण आने वाले समय में भारतीय कृषि क्षेत्र में सकारात्मक और दीर्घकालीन परिवर्तन देखने को मिलेंगे, ऐसा विश्वास जैन फार्म फ्रेश के निदेशक अथांग जैन ने जैन हिल्स में आयोजित पत्रकार परिषद में व्यक्त किया। इस अवसर पर फाली की उपाध्यक्ष नैन्सी बेरी, गुड एंड ग्रीन सस्टेनेबिलिटी एंड सीएसआर, गोदरेज की पाकज्ञान दस्तूर, फाली की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शार्बोनी पोदार तथा जनरल मैनेजर रोहिणी घाडगे उपस्थित थीं। उन्होंने भी अपने विचार व्यक्त किए। अथांग जैन ने कहा कि बदलती कृषि परिस्थितियों में युवा पीढ़ी को खेती की ओर आकर्षित करना तथा उन्हें आधुनिक तकनीक, बाजार की समझ और टिकाऊ कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है। फाली कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार की सोच और कृषि उद्यमिता के प्रति जागरूकता विकसित हो रही है। इससे भविष्य में सक्षम कृषि नेतृत्व तैयार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि फाली कार्यक्रम का विस्तार अब तीन राज्यों तक किया जा चुका है। इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभव-आधारित व्यावहारिक शिक्षा दी जा रही है। इस पहल से तैयार होने वाले युवा कृषि नेता आधुनिक और टिकाऊ कृषि के माध्यम से देश के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देंगे। Post navigation घर में घुसकर 30 हजार रुपये नकद चोरी आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों के लिए जलगांव में आचार संहिता कक्ष शुरू