मेहरूण तालाब के गणेश घाट पर विसर्जन की तैयारियों का महापौर दीपमाला काळे ने लिया जायजा

जलगांव | प्रतिनिधि

जलगांव शहर महानगरपालिका की महापौर दीपमाला काळे ने मेहरूण तालाब स्थित गणेश घाट का निरीक्षण कर श्री गणेश विसर्जन की तैयारियों का प्रत्यक्ष जायजा लिया। इस दौरान शहर अभियंता योगेश बोरोले, स्वास्थ्य विभाग प्रमुख समीर बोरोले, विद्युत विभाग प्रमुख संदीप मोरे सहित महानगरपालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने गणेश विसर्जन समारोह को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत नियोजन करने के निर्देश दिए। गणेश घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माल्य कलशों की संख्या पर्याप्त मात्रा में बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

महापौर ने नागरिकों और गणेश मंडलों से अपील की कि निर्माल्य किसी भी प्लास्टिक की थैली में न लाएं। निर्माल्य को कागज में लपेटकर अथवा कागज की थैली में लाकर सीधे निर्माल्य कलश में ही डालें। साथ ही घर से निकलते समय प्लास्टिक की थैली साथ नहीं लाने की अपील की गई।

विसर्जन के दौरान जलगांववासियों से परिसर स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया है। विसर्जन स्थल पर अनावश्यक भीड़ न करते हुए सभी नागरिकों से व्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से विसर्जन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई।

महापौर ने विसर्जन व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराए गए तैरते प्लेटफॉर्म (तराफे), तैनात कर्मचारियों की संख्या तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की भी जानकारी ली। इसके अलावा विसर्जन अवधि के दौरान ड्यूटी पर तैनात महानगरपालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए की जाने वाली भोजन व्यवस्था का भी उन्होंने जायजा लिया।

Don`t copy text!